अस्पताल में साफ-सफाई और मशीनों के रखरखाव को लेकर दिए कड़े निर्देश, मौके पर ही CMO से दूरभाष पर की बात
हल्द्वानी। नैनीताल–उधम सिंह नगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने आज हल्द्वानी स्थित बेस अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल में मिली अव्यवस्थाओं पर सांसद ने गहरी नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए। सांसद भट्ट ने अस्पताल की साफ-सफाई, चिकित्सा उपकरणों एवं मशीनों के रखरखाव और मरीजों के तीमारदारों को होने वाली परेशानियों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और मशीनों का उचित रखरखाव सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए ताकि मरीजों और उनके परिजनों को उपचार के दौरान किसी तरह की अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस दौरान अजय भट्ट ने अस्पताल में मौजूद स्थानीय जनप्रतिनिधियों और मरीजों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए उन्होंने मौके पर ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO), नैनीताल से दूरभाष पर वार्ता की और व्यवस्थाओं में शीघ्र सुधार लाने के निर्देश दिए।
सांसद ने जोर देकर कहा कि अस्पताल में आने वाले हर मरीज को बेहतर उपचार और सुविधाएं मिलना उनकी प्राथमिकता है। इसके लिए सफाई व्यवस्था, उपकरणों के सही इस्तेमाल और अन्य सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए ताकि आम जनता को बिना किसी बाधा के गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।






















