पुष्पवर्षा के बीच हरिद्वार के लिए निकला 10 सदस्यीय दल

गरमपानी- सावन माह के शुभारंभ के साथ ही भगवान शिव की भक्ति का उत्साह पर्वतीय क्षेत्रों में भी चरम पर पहुंच गया। बेतालघाट ब्लॉक के जोग्याडी गांव से रविवार को 10 सदस्यीय कांवड़ यात्रियों का दल अपनी 18वीं पैदल कांवड़ यात्रा पर हरिद्वार के लिए रवाना हुआ। श्रद्धालु हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लाकर क्षेत्र के विभिन्न शिव मंदिरों में जलाभिषेक करेंगे।
इस यात्रा शुरू होने से पहले गांव में विधिवत पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। ग्रामीणों ने कांवड़ यात्रियों पर पुष्पवर्षा कर उनका भव्य स्वागत एवं विदाई की। महिलाओं ने पारंपरिक मंगल गीत गाकर श्रद्धालुओं का उत्साहवर्धन किया, जिससे पूरा गांव भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
ग्रामीणों ने भगवान भोलेनाथ से सभी श्रद्धालुओं की यात्रा सकुशल एवं मंगलमय संपन्न होने की कामना की। कांवड़ यात्रियों ने भी क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना के साथ हरिद्वार के लिए प्रस्थान किया।

यात्रा दल में महेन्द्र सिंह फर्त्याल, हरवेंद्र सिंह, उमेश सिंह किरौला, मोहन सिंह बिष्ट, हिमांशु कनवाल, हरीश गिरी, हरेंद्र सिंह बिष्ट, चंदन सिंह रौतेला, अनूप सिंह और विजय सिंह शामिल हैं।

ADVERTISEMENTS Ad