​कैंची धाम क्षेत्र में गुरुवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पहाड़ी से अचानक गिरे एक भारी पत्थर ने बाइक सवार के हेलमेट में छेद कर दिया, लेकिन सही समय पर हेलमेट पहने होने के कारण युवक की जान बाल-बाल बच गई।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, पतलोट (खन्स्यू) निवासी जगदीश प्रसाद अपनी बाइक से खैरना से भवाली की ओर आ रहे थे। इसी दौरान कैंची धाम के समीप पहाड़ी से एक पत्थर सीधे उनके सिर पर आ गिरा। पत्थर इतनी रफ्तार और ताकत से गिरा कि उसने मजबूत हेलमेट को भी भेद दिया। गनीमत रही कि हेलमेट ने सीधे सिर पर लगने वाली जानलेवा चोट को झेल लिया। सूचना मिलते ही कैंची चौकी प्रभारी विजय कुमार तुरंत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस की अपील: लगातार हो रही बारिश के चलते पहाड़ी मार्गों पर पत्थर गिरने (शूटिंग स्टोन) और भूस्खलन का खतरा काफी बढ़ गया है। पुलिस ने सभी वाहन चालकों से यात्रा के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और अनिवार्य रूप से हेलमेट व अन्य सुरक्षा उपाय अपनाने की अपील की है।

ADVERTISEMENTS