गरमपानी के छड़ा के समीप हुआ हादसा; रात भर से हो रही बारिश के कारण पहाड़ियों से खिसक रहे बोल्डर।

गरमपानी। भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर छड़ा के समीप एक बड़ा हादसा होने से टल गया। थुवा की पहाड़ी से अचानक गिरे पत्थरों की चपेट में आने से एक स्कॉर्पियो वाहन क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि उसमें सवार एक यात्री घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जागेश्वर धाम के दर्शन कर हल्द्वानी की ओर लौट रहे श्रद्धालुओं का स्कॉर्पियो वाहन जैसे ही छड़ा के पास पहुंचा, तभी थुवा की पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने लगे। इस दौरान कई पत्थर सीधे स्कॉर्पियो से टकराए। वाहन में सवार 27 वर्षीय चिराग निवासी मुजफ्फरनगर को एक पत्थर लग गया, जिससे वह चोटिल हो गया। हादसे के समय वाहन में कुल पांच लोग सवार थे।

दुर्घटना के तुरंत बाद साथी यात्रियों ने घायल चिराग को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी पहुंचाया। अस्पताल के डॉक्टरों द्वारा घायल युवक का प्राथमिक उपचार किया गया। डॉक्टरों ने बताया कि उपचार के बाद युवक की हालत सामान्य होने पर उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

क्षेत्र में कल रात से लगातार हो रही बारिश के चलते पहाड़ियों से लगातार पत्थर व मलबे के गिरने का खतरा बना हुआ है, जिससे इस मार्ग पर सफर करना जोखिम भरा हो गया है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad