(*दीपावली के दृष्टिगत सल्ट, डोटियाल एवं देघाट में खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण हुआ।

**विभिन्न मिठाइयों के चार नमूने संग्रहित, गुणवत्ता एवं स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश।)

दीपावली पर्व पर मीठा जहर ( मिलावटी मिठाई) बेचने वालों पर जिला प्रशासन अल्मोड़ा की पैनी नजर है।आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तराखंड तथा जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में दीपावली पर्व के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा विभाग, प्रशासन एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने आज सल्ट, डोटियाल एवं देघाट के बाजारों सहित आसपास के क्षेत्रों में सघन निरीक्षण अभियान चलाया।

इस दौरान मिठाई विक्रेताओं एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता व्यवस्था, भंडारण की स्थिति तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन का जायजा लिया गया।संयुक्त टीम ने खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता बनाए रखने, प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। व्यापारियों को मिलावटी अथवा अधोमानक खाद्य सामग्री का विक्रय न करने तथा उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के प्रति जागरूक किया गया।निरीक्षण के दौरान संदेह के आधार पर मावा बूंदी लड्डू, बेसन लड्डू एवं बालूशाही सहित विभिन्न मिठाइयों के कुल चार नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए। संग्रहित नमूनों को नियमानुसार प्रयोगशाला भेजा जाएगा।

जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत निष्कर्षों के आधार पर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि दीपावली पर्व के दौरान आमजन को सुरक्षित एवं शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण अभियान निरंतर जारी रहेगा। खाद्य पदार्थों में मिलावट अथवा खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी अल्मोड़ा विपिन कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad