गरमपानी ।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) गरमपानी एक बार फिर अपनी बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं और संवेदनहीनता के कारण विवादों में है। शुक्रवार देर रात बेतालघाट ब्लॉक प्रमुख अंकित साह की पत्नी और क्षेत्र पंचायत सदस्य नीतू साह की तबीयत अचानक बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल लाया गया, लेकिन वहां की अव्यवस्था देखकर परिजनों के होश उड़ गए।
परिजनों का आरोप है कि जब वे गंभीर स्थिति में नीतू साह को लेकर अस्पताल पहुंचे, तो वहां न तो कोई डॉक्टर मौजूद था और न ही कोई पैरामेडिकल स्टाफ। पूरे अस्पताल परिसर में केवल एक होमगार्ड तैनात मिला। आपातकालीन स्थिति में चिकित्सा सहायता न मिलने पर परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने अस्पताल परिसर में ही जोरदार हंगामा शुरू कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी (CMO) डॉ. हरीश पंत को तत्काल सूचित किया गया। उच्चाधिकारियों के कड़े रुख के बाद आनन-फानन में स्वास्थ्य कर्मी और डॉक्टर अस्पताल पहुंचे, जिसके बाद मरीज का उपचार शुरू हो सका। ब्लॉक प्रमुख अंकित साह ने इस घटना को सरकारी तंत्र की घोर लापरवाही बताते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों ने भी इस मुद्दे पर गहरा रोष व्यक्त किया है।
CMO डॉ. हरीश पंत ने घटना का संज्ञान लेते हुए कहा कि ड्यूटी से गायब रहने वाले चिकित्सकों और कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज मंगाकर मामले की निष्पक्ष जांच के आदेश दिए हैं और स्पष्ट किया है कि मरीजों के जीवन से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

















