अल्मोड़ा। नाबार्ड (देहरादून) के दिशा-निर्देशों के क्रम में अल्मोड़ा जिला सहकारी बैंक लिमिटेड की मुख्य शाखा द्वारा धारानौला (लच्छीराम शाह मार्ग) में वित्तीय साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्थानीय नागरिकों, बैंक खाताधारकों एवं कृषक सदस्यों को सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग और वित्तीय साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना रहा।


कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक मंडली के कलाकारों द्वारा आकर्षक मंचन के माध्यम से आम जनता को ऑनलाइन फ्रॉड, साइबर सिक्योरिटी, एटीएम लेन-देन में बरतने वाली सावधानियों और डिजिटल पेमेंट सुरक्षा के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कलाकारों ने लोगों को समझाया कि कैसे सतर्कता रखकर साइबर ठगी से बचा जा सकता है।


इसके साथ ही, कार्यक्रम में केंद्र व राज्य सरकार द्वारा बैंक के माध्यम से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी गई। बैंक प्रबंधन ने बताया कि नाबार्ड के सहयोग व संबद्ध समितियों के समन्वय से ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक लोग डिजिटल सेवाओं का सुरक्षित उपयोग कर सकें। इस अवसर पर बैंक अधिकारी, कर्मचारी, समिति सचिव एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण व किसान उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad