गरमपानी : आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को श्री कैंचीधाम क्षेत्र के खींना पानी, सुयालबाड़ी, काकड़ीघाट, छड़ा, खैरना, गरमपानी और कैंचीधाम सहित आसपास के क्षेत्रों में खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने मिठाई की दुकानों, होटल, रेस्टोरेंट और किराना प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया।

इस दौरान एक दर्जन से अधिक खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। गुणवत्ता पर संदेह होने पर अलग-अलग प्रतिष्ठानों से सोनपापड़ी, शहद, बाल मिठाई, खोया, गुलाब जामुन और सरसों के तेल के 6 नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। वहीं खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के प्रावधानों का अनुपालन नहीं करने पर एक प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया गया। 15 दिन के भीतर निर्देशों का पालन नहीं करने पर संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ कोर्ट चालान की कार्रवाई की जाएगी।

असिस्टेंट कमिश्नर अजब सिंह रावत ने बताया कि विभाग आमजन और कारोबारियों को लगातार जागरूक कर रहा है। सभी प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य पदार्थों में मिलावट न करने, पैक्ड सामग्री पर निर्माण व समाप्ति तिथि तथा बैच नंबर अंकित रखने, रेट लिस्ट प्रदर्शित करने, बिल जारी करने और FSSAI लाइसेंस दुकान में प्रदर्शित करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होगी और आमजन से भी मिलावट की आशंका होने पर विभाग को सूचित करने की अपील की।
संयुक्त निरीक्षण टीम में असिस्टेंट कमिश्नर अजब सिंह रावत, वरिष्ठ खाद्य संरक्षा अधिकारी असलम खान, अभय कुमार सिंह, राजस्व उपनिरीक्षक खैरना मो. शकील और व्यापार मंडल अध्यक्ष नीरज जलाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।






















