हल्द्वानी। नैनीताल जिले के हल्द्वानी से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। रामपुर रोड पर टांडा जंगल में बेलबाबा मंदिर के समीप एस-मोड़ के पास सोमवार शाम दो बाइकों की आमने-सामने भीषण भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक सड़क हादसे में ग्राम विकास अधिकारी (VDO) समेत दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद से दोनों मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा सोमवार शाम करीब सात बजे हुआ। रामपुर रोड स्थित टांडा जंगल के एस-मोड़ से करीब 200 मीटर पहले दो तेज रफ्तार बाइकें आमने-सामने टकरा गईं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही टीपीनगर पुलिस चौकी की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आनन-फानन में चारों घायलों को उपचार के लिए डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय (एसटीएच) पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 30 वर्षीय सौरभ बिष्ट पुत्र स्वर्गीय कुंदन सिंह बिष्ट (निवासी मंगोलिया, कालाढूंगी) और राजीव गुप्ता पुत्र कृष्ण मुरारी लाल (निवासी वार्ड नंबर-6, रम्पुरा, रुद्रपुर) के रूप में हुई है। सौरभ बिष्ट नैनीताल जिले के बेतालघाट विकासखंड में ग्राम विकास अधिकारी (VDO) के पद पर सेवा दे रहे थे। उनकी अचानक हुई मौत से पूरे प्रशासनिक अमले और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
वहीं, दूसरे मृतक रुद्रपुर निवासी राजीव गुप्ता अपनी भांजी भावना की आगामी 15 नवंबर को होने वाली शादी का निमंत्रण पत्र बांटने हल्द्वानी आए थे। उनके साथ उनके बहनोई प्रेम शंकर शर्मा भी मौजूद थे। कार्ड बांटने के बाद दोनों बाइक से वापस रुद्रपुर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। एक तरफ जहां घर में शादी की खुशियों और तैयारियां का माहौल था, वहीं इस अनहोनी ने सब कुछ मातम में बदल दिया।
इस दुर्घटना में सौरभ बिष्ट के साथ बाइक पर सवार बृजेश सती (निवासी कालाढूंगी बंदोबस्ती) और राजीव गुप्ता के बहनोई प्रेम शंकर शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों को एसटीएच में भर्ती कराया गया है, जहां बृजेश सती की हालत नाजुक बनी हुई है। हल्द्वानी के एसएचओ विजय मेहता ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ओवरटेक के दौरान टक्कर होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।






















