एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के त्वरित एक्शन से मिली सफलता; सीसीटीवी और सर्विलांस के सहारे हिमाचल तक पहुंची पुलिस टीम
नैनीताल/हल्द्वानी। महिला एवं बालिका सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नैनीताल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई और तकनीकी दक्षता की मिसाल पेश की है। चोरगलिया क्षेत्र से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई तीन बालिकाओं (2 नाबालिग और 1 बालिग) को विशेष पुलिस टीम ने हिमाचल प्रदेश के बद्दी क्षेत्र से सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया है।
घटनाक्रम एवं त्वरित कार्रवाई दिनांक 18 सितंबर 2026 को चोरगलिया निवासी शिकायतकर्ता ने सूचना दी कि उनकी दो बेटियां सुबह स्कूल के लिए निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। पड़ताल में सामने आया कि उनके साथ एक अन्य बालिका भी थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए थाना चोरगलिया में तत्काल बीएनएस की धारा 140(3) के तहत मुकदमा (FIR No. 45/2026) दर्ज किया गया।
सर्विलांस और सीसीटीवी से मिला सुराग मामले का संज्ञान लेते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने विशेष टीम गठित की। एसपी सिटी मनोज कत्याल एवं सीओ हल्द्वानी रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष तारा सिंह राणा व एसओजी प्रभारी मोहन सिंह सोन की अगुवाई में टीम ने चोरगलिया, हल्द्वानी, काठगोदाम और रुद्रपुर के सीसीटीवी खंगाले।
सर्विलांस इनपुट के आधार पर पुलिस ने 24 सितंबर को हिमाचल प्रदेश के बद्दी में लोकेशन ट्रेस कर तीनों बालिकाओं को सुरक्षित बरामद कर लिया। पूछताछ में बालिकाओं ने बताया कि वे नौकरी की तलाश में घर से निकली थीं। काउंसलिंग व विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया, जिससे परिजनों के चेहरों पर खुशी लौट आई।
सफल बरामदगी करने वाली पुलिस टीम: थानाध्यक्ष तारा सिंह राणा, उ0नि0 गौरव जोशी (लालकुआं), अ0उ0नि0 मनजीत सिंह, कानि0 मुस्तफा अंसारी, कानि0 भूपेन्द्र ज्येष्ठा (SOG) और महिला कानि0 सुमन राणा।

















