​हल्द्वानी: यहां के व्यस्त मंगलपड़ाव स्थित सब्जी मंडी में सोमवार शाम उस वक्त अजीबोगरीब स्थिति पैदा हो गई, जब खरीदारी करने आए एक पति-पत्नी के बीच का घरेलू विवाद सड़क पर सरेआम ‘हाई-वोल्टेज ड्रामे’ में तब्दील हो गया।

​प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मंडी में खरीदारी के दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर मामूली कहासुनी शुरू हुई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि पत्नी का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उसने आपा खोते हुए पास की एक चाय की दुकान से गरम फ्राईपैन उठा लिया और पति पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। अचानक हुए इस हमले से घबराए पति ने खुद को बचाने के लिए वहां से भागना ही बेहतर समझा।

​मगर गुस्साए पत्नी यहीं नहीं रुकी; वह हाथ में फ्राईपैन लहराते हुए बीच सड़क पर पति के पीछे दौड़ पड़ी। व्यस्त बाजार में यह नजारा देख लोग दंग रह गए। शुरुआत में कुछ दुकानदारों और राहगीरों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन जैसे ही उन्हें मालूम हुआ कि यह मियां-बीवी का निजी झगड़ा है, लोग तमाशबीन बनकर लुत्फ उठाने लगे। इस सरेराह पिटाई और ड्रामे के चलते सब्जी मंडी में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad