पीलीभीत/उत्तराखंड: उत्तराखंड के विश्वप्रसिद्ध धार्मिक स्थल कैंची धाम और नैनीताल सहित पीलीभीत के प्रमुख पर्यटन केंद्रों तक आवागमन को सुगम बनाने के लिए ‘बाबा नीम करौली एक्सप्रेस’ ट्रेन चलाने की मांग की गई है। इस सिलसिले में ‘क्रांतिकारी विचार मंच’ (उत्तर प्रदेश) के प्रांतीय संरक्षक देवस्वरूप पटेल ने 15 अक्टूबर 2026 को केंद्रीय राज्य मंत्री एवं पीलीभीत-बहेड़ी सांसद जितिन प्रसाद को एक ज्ञापन सौंपा है।

ज्ञापन के माध्यम से रेल मंत्री के समक्ष काठगोदाम-लालकुआं-बहेड़ी-भोजीपुरा-पीलीभीत होते हुए लखनऊ तक इस नई रेल सेवा को शुरू कराने का अनुरोध किया गया है। देवस्वरूप पटेल ने बताया कि इस ट्रेन के संचालन से पीलीभीत और बहेड़ी क्षेत्र के लोगों को धार्मिक व पर्यटन स्थलों तक पहुंचने का एक आसान और सीधा विकल्प मिलेगा।
इस प्रस्तावित रेल सेवा से कैंची धाम में बाबा नीम करौली के दर्शन करने जाने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ नैनीताल व उत्तराखंड घूमने आने वाले पर्यटकों को सीधा लाभ होगा। इसके अलावा, पीलीभीत टाइगर रिजर्व और मां गोमती नदी के उद्गम स्थल जैसे स्थानीय पर्यटन स्थलों पर भी पर्यटकों की आवाजाही को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए सांसद जितिन प्रसाद से इस मांग की प्रभावी पैरवी करने का आग्रह किया गया है।






















