अल्मोड़ा।भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो), उत्तराखंड के प्रदेश प्रवक्ता नमन गुरुरानी ने अल्मोड़ा स्थित सोबन सिंह जीना (एसएसजे) परिसर में प्रस्तावित कांग्रेस के राजनीतिक कार्यक्रम पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कांग्रेस पर अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए छात्रों के भविष्य को दांव पर लगाने का गंभीर आरोप लगाया है।
भाजयुमो प्रदेश प्रवक्ता नमन गुरुरानी ने कहा कि वर्तमान में छात्र-छात्राएं अपनी परीक्षाओं की तैयारी और परीक्षा प्रक्रिया में पूरी तरह व्यस्त हैं। ऐसे महत्वपूर्ण समय में एक प्रतिष्ठित शैक्षणिक परिसर के भीतर राजनीतिक गतिविधियां आयोजित करना पूरी तरह से छात्र हितों के विपरीत है।
शिक्षा के मंदिर को राजनैतिक मंच बनाना गलत
नमन गुरुरानी ने एसएसजे परिसर की गरिमा का उल्लेख करते हुए कहा, “यह परिसर प्रदेश का एक प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान है, जहां हजारों विद्यार्थियों का भविष्य उनकी शिक्षा और परीक्षाओं से जुड़ा हुआ है। ऐसे समय में राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित करने का प्रयास न सिर्फ शिक्षा के शांत वातावरण को प्रभावित करेगा, बल्कि छात्रों को भी अनावश्यक असुविधा का सामना करना पड़ेगा।”
कांग्रेस की ‘छात्र विरोधी मानसिकता’ पर प्रहार
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन तलाशने के लिए छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। जब विद्यार्थियों को पूरी तरह शांत और अनुकूल शैक्षणिक माहौल की जरूरत है, तब वहां राजनीतिक भीड़ जुटाने का प्रयास कांग्रेस की छात्र विरोधी मानसिकता को साफ दर्शाता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि शिक्षा के मंदिरों को राजनीतिक मंच बनाने की परंपरा लोकतांत्रिक मूल्यों और शैक्षणिक गरिमा, दोनों के लिहाज से बेहद अनुचित है। शिक्षा और छात्रों से जुड़े विषयों को हमेशा राजनीति से ऊपर रखा जाना चाहिए।
प्रशासन से उचित कदम उठाने की मांग
भाजयुमो प्रदेश प्रवक्ता ने जिला प्रशासन और विश्वविद्यालय प्रशासन से इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है। उन्होंने मांग की है कि छात्रों के हितों, परीक्षा व्यवस्था और परिसर की शैक्षणिक गरिमा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन इस संबंध में तुरंत उचित और कड़ा निर्णय ले।

















