नैनीताल जनपद के रामनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत किशनपुर छोई में हुई 56 वर्षीय विमला देवी की सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने सफल अनावरण कर लिया है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में पुलिस और एसओजी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य अभियुक्त समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना 10 नवंबर 2026 की है, जब मृतका का शव त्रिलोक सिंह बिष्ट के घर के बाहर गंभीर चोटों के निशान के साथ बरामद हुआ था। मृतका के पुत्र की तहरीर पर कोतवाली रामनगर में बीएनएस की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से चौंकाने वाला खुलासा हुआ। मुख्य अभियुक्त मोहित फर्त्याल अपने पिता की पूर्व हत्या का बदला लेना चाहता था। इसी पुरानी रंजिश और बदले की भावना के चलते उसने अपने दो अन्य साथियों—सैराज और मो. अब्बूजर के साथ मिलकर इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तीन डंडे, एक लोहे का पाना, एक भारी पत्थर और घटना में प्रयुक्त वाहन (UK04 AN6012) बरामद कर लिया है। उत्कृष्ट कार्य के लिए एसएसपी ने पुलिस टीम को 2,000 रुपये के पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।




























