नैनीताल: जिले में कैंची धाम के पास भीषण सड़क हादसा हुआ है. एक स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई. इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है. 4 लोग घायल हुए हैं।
कैंची धाम के पास खाई में गिरी कार: नैनीताल पुलिस कंट्रोल रूम को देर रात सूचना मिली कि कैंची धाम के पास निगलाट में एक कार खाई में गिर गई है. सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम तत्काल दुर्घटनास्थल की ओर रवाना हो गई. हादसा स्थल काफी दुर्गम इलाका था. ऐसे में रात के अंधेरे में रेस्क्यू कार्य किसी चुनौती से कम नहीं था।
एसडीआरएफ ने किया रेस्क्यू: एसडीआरएफ की टीम ने अपनी जान पर खेलकर रेस्क्यू कार्य शुरू किया. खाई में पहुंचकर पता चला कि कार में 5 लोग सवार थे. टीम ने कड़ी मशक्कत से कार सवार लोगों को कार से निकाला. फिर उन्हें किसी तरह ऊपर सड़क तक लाया गया. इसके बाद कार सवार सभी 5 लोगों को सीएचसी (Community Health Centre) भवाली ले जाया गया.1 युवक की मौत, चार घायल: डॉक्टर ने जांच-पड़ताल के बाद एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि कर दी. चार लोग बुरी तरह घायल थे. घायलों का इलाज चल रहा है. कार सवार लोग उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के रहने वाले हैं. दुर्घटनाग्रस्त वाहन संख्या UP 25 EJ 4586 है. एसडीआरएफ के उप निरीक्षक ने बताया कि-दुर्घटना की सूचना प्राप्त होते ही SDRF पोस्ट खैरना से उप निरीक्षक देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई. घटनास्थल पर पहुंचकर SDRF टीम द्वारा त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाया गया.-
देवेंद्र कुमार, उप निरीक्षक, एसडीआरएफ-
- सनी, उम्र 23 वर्ष, पुत्र– तेजराम, निवासी – ग्राम मिल कॉपर, बरेली
- रवि, पुत्र – दिनेश मौर्य, निवासी– बरेली
- संचित, पुत्र – हृदय नारायण तिवारी, निवासी – ग्राम शेखपुर, बरेली
- संदीप शर्मा, पुत्र – रामकुमार शर्मा, निवासी – बरेली
मृतक का विवरण
- अनुज तिवारी, उम्र 29 वर्ष, पुत्र – लक्ष्मी नारायण तिवारी, निवासी– ग्राम शेखपुर, बरेली, वाहन चालक



























