
हल्द्वानी स्थित चंदन हॉस्पिटल में सोमवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई जब एबीवीपी कार्यकर्ताओं और छात्रसंघ पदाधिकारियों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।जानकारी के अनुसार, एक मरीज को अस्पताल में भर्ती किए जाने के दौरान उसे जीवित होने के बावजूद मृत दर्शाते हुए फाइल तैयार किए जाने का आरोप लगाया गया।
इस मामले को लेकर छात्रों में भारी आक्रोश देखने को मिला।छात्रसंघ अध्यक्ष अभिषेक गोस्वामी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्र अस्पताल गेट पर धरने पर बैठ गए और अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि अस्पताल की लापरवाही गंभीर है और इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।हंगामे की सूचना मिलते ही ABVP कार्यकर्ताओं के साथ मौजूद छात्रों को समझाने के लिए पुलिस फोर्स भी मौके पर पहुंची। स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास जारी रहे।प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने कहा कि यदि मामले में सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। वहीं अस्पताल प्रबंधन की ओर से अभी तक आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

















