हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के पथरी क्षेत्र स्थित फूलगढ़ गांव के एक प्राचीन शिव मंदिर परिसर से सोमवार को दो साधुओं के शव बरामद होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शुरुआती पुलिस जांच में दोनों साधुओं की हत्या कर साक्ष्य छिपाने की नीयत से शवों को जमीन में दबाए जाने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, दोनों साधु लंबे समय से मंदिर में रहकर पूजा-पाठ और देखरेख करते थे। सोमवार को उनके गायब मिलने पर ग्रामीणों ने तलाश शुरू की, तो मंदिर परिसर में मिट्टी संदिग्ध अवस्था में खुदी हुई दिखाई दी। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब खुदाई कराई, तो जमीन के नीचे से दोनों साधुओं के शव बरामद हुए।
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच के आधार पर जल्द ही इस मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

















