नैनीताल। जनपद नैनीताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत के निर्देश पर अब सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हल्दुचौड़ में प्रत्येक बुधवार और सीएचसी कोटाबाग में प्रत्येक शुक्रवार को नियमित रूप से अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।


स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को समय पर अल्ट्रासाउंड जांच उपलब्ध कराना, सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा देना और संस्थागत प्रसव को प्रोत्साहित करना है। समय पर जांच होने से गर्भावस्था के दौरान किसी भी संभावित जटिलता की जल्द पहचान हो सकेगी और जरूरत पड़ने पर तुरंत उपचार व चिकित्सकीय सलाह दी जा सकेगी।


मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं से निर्धारित दिनों में अस्पताल पहुंचकर इस सुविधा का लाभ लेने की अपील की है। उन्होंने बताया कि यह सुविधा केवल गर्भवती महिलाओं के लिए ही नहीं…बल्कि चिकित्सकीय सलाह के अनुसार अन्य मरीज भी इन निर्धारित दिनों में अल्ट्रासाउंड जांच करा सकेंगे।


उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर अल्ट्रासाउंड सुविधा मिलने से लोगों को दूर-दराज के अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी, साथ ही मरीजों को समय पर जांच और उपचार भी मिल सकेगा। स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad