गरमपानी। खैरना बाजार क्षेत्र में सरकारी भूमि पर निर्माण सामग्री रखे जाने का मामला सामने आया है। देवभूमि व्यापार मंडल खैरना-गरमपानी ने जिलाधिकारी नैनीताल को ज्ञापन भेजकर मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया कि लकड़ीताल गेट के समीप नजूल/राजस्व भूमि पर ईंट, लोहा, सरिया समेत अन्य निर्माण सामग्री रखी गई है।

व्यापार मंडल का आरोप है कि सरकारी भूमि पर धीरे-धीरे अवैध निर्माण किए जाने की आशंका है। निर्माण सामग्री सड़क किनारे रखे जाने से हाईवे पर यातायात प्रभावित होने के साथ ही राहगीरों को भी परेशानी हो रही है। व्यापार मंडल ने प्रशासन से सरकारी भूमि से सामग्री हटाने, नियमानुसार किराया वसूलने तथा संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। साथ ही भविष्य में सरकारी भूमि पर दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए निगरानी और सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad