कैंची धाम में प्रस्तावित ‘ॐ पुल’ के निर्माण को लेकर कैंची धाम होटल एसोसिएशन ने नाराजगी जताई है। एसोसिएशन के अध्यक्ष भुवन तिवारी ने प्रेस वार्ता कर कहा कि पुल का मौजूदा डिजाइन मंदिर की सुंदरता और पारंपरिक स्वरूप के लिए खतरा बन सकता है।
यातायात और पार्किंग की मांग
होटल एसोसिएशन का कहना है कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर क्षेत्र में व्यवस्थित पार्किंग और यातायात प्रबंधन पर ध्यान दिया जाना चाहिए। उनका सुझाव है कि भारी-भरकम निर्माण के बजाय ऐसी व्यवस्था बनाई जाए, जिससे मंदिर पर दबाव कम हो।
प्रशासन और सरकार पर आरोप
एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि मंदिर क्षेत्र को कंक्रीट के जंगल में तब्दील करने का प्रयास किया जा रहा है। संगठन ने प्रशासन और सरकार से मंदिर की सुंदरता, धार्मिक महत्व और पारंपरिक स्वरूप को बनाए रखने की अपील की है।
एसोसिएशन ने कहा— कैंची धाम की पहचान और आस्था से जुड़े स्वरूप के साथ किसी भी तरह का अनावश्यक बदलाव श्रद्धालुओं की भावनाओं को प्रभावित कर सकता है।

















