(व्यवस्थाओं में सुधार और कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश
**राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, तहसील, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, हाटकालिका मंदिर और निर्माणाधीन पार्किंग का किया निरीक्षण।
****लापरवाही पर रजिस्ट्रार कानूनगो को स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश।)
अल्मोड़ा/ पिथोरागढ़ ,जिलाधिकारी पिथौरागढ़ आशीष भटगांई ने गंगोलीहाट क्षेत्र का भ्रमण कर विभिन्न सरकारी संस्थानों एवं विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, राजस्व, स्वास्थ्य, धार्मिक पर्यटन एवं अवस्थापना विकास से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।जिलाधिकारी ने राजीव गांधी नवोदय विद्यालय का निरीक्षण किया।
उन्होंने विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक लेकर विद्यालय में बच्चों के अध्ययन के लिए अनुकूल एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं, बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही शैक्षणिक सुविधाओं एवं गतिविधियों की जानकारी ली तथा कक्षाओं का निरीक्षण कर अध्ययनरत बच्चों से सीधे संवाद किया और उनसे फीडबैक प्राप्त किया। जिलाधिकारी ने तहसील गंगोलीहाट का निरीक्षण कर विभिन्न पटलों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा सभी राजस्व वादों का निस्तारण निर्धारित समयसीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने तहसीलदार न्यायालय का भी निरीक्षण किया और आमजन को सभी सेवाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कार्यालय के सभी कार्मिकों को परिचय पत्र के साथ उपस्थित रहने, प्रत्येक टेबल पर नाम पट्टिका लगाने तथा कार्मिकों के कार्यों एवं दायित्वों का स्पष्ट उल्लेख सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने खसरा-खतौनी सहित राजस्व अभिलेखों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली और अनुपयोगी सामग्री का नियमानुसार निस्तारण करने को कहा।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों के पेंशन सहित अन्य देयकों से संबंधित कोई भी प्रकरण लंबित नहीं रहना चाहिए। कर्मचारियों की सेवा पुस्तिकाओं का निरीक्षण करते हुए उन्होंने सभी अभिलेख एक सप्ताह के भीतर अद्यतन करने के कड़े निर्देश दिए। साथ ही राजस्व वसूली में तेजी लाने को कहा।
कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर जिलाधिकारी ने रजिस्ट्रार कानूनगो से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंगोलीहाट का निरीक्षण कर चिकित्सकों की उपलब्धता, ओपीडी एवं मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने वार्ड, इमरजेंसी, ओपीडी रजिस्टर एवं लैब का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिये।
भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने गंगोलीहाट में निर्माणाधीन पार्किंग का निरीक्षण किया। कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने कार्यदायी संस्था को फटकार लगाई और निर्माण कार्य में तेजी लाकर जल्द से जल्द कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी गंगोलीहाट अंकित राज सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






















