उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के कई जनपदों में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। खासकर 30 अक्टूबर 2026 को नैनीताल सहित कई जिलों में भारी बारिश, आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि और तेज झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम और सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए हैं।
30 अक्टूबर के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ घोषित
मौसम विभाग के निदेशक द्वारा जारी चेतावनी के अनुसार, 30 अक्टूबर 2026 को नैनीताल जिले समेत कई क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है:
ओलावृष्टि और तेज हवाएं: नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चमोली जनपदों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि और 40 से 50 किमी/घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है.
भारी बारिश की चेतावनी: पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की भी आशंका जताई गई है.
अन्य इलाके: राज्य के शेष जनपदों में भी गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 30-40 किमी/घंटा (बढ़कर 50 किमी/घंटा तक) की गति से हवाएं चल सकती हैं.
31 अक्टूबर का हाल: 31 अक्टूबर को भी राज्य के पर्वतीय जनपदों में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने की संभावना बनी हुई है.
जिला प्रशासन नैनीताल का अल्टीमेटम: अधिकारी 24×7 अलर्ट पर
मौसम के गंभीर रूप को देखते हुए जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी, नैनीताल द्वारा एक आधिकारिक आदेश (रेडियोग्राम/ई-मेल) जारी कर सभी संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं:
मार्गों की सुगमता: लोक निर्माण विभाग (PWD) और पीएमजीएसवाई (PMGSY) को संवेदनशील मोटर मार्गों पर 24×7 जेसीबी मशीनें और गैंग कार्मिक तैनात रखने के निर्देश दिए गए हैं ताकि भूस्खलन या पेड़ों के गिरने से बाधित होने वाले मार्ग को तुरंत खोला जा सके.
आपदा प्रबंधन टीमें सक्रिय: जिला, परगना और विकासखंड स्तर पर आपदा प्रबंधन-IRS प्रणाली के नामित अधिकारियों और QRT टीमों को मुस्तैद रहने को कहा गया है.
आपातकालीन नंबर जारी: किसी भी अप्रिय घटना या सहायता के लिए तहसील कंट्रोल रूम और जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के दूरभाष नंबर 05942-231178 / 79 / 81, मोबाइल नंबर 8272080884 तथा टोल-फ्री नंबर 1077 पर संपर्क किया जा सकता है.