
गरमपानी। नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य के प्रथम नगर आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा गरमपानी में भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। भाजपा मंडल अध्यक्ष नीरज बिष्ट के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत राम मंदिर गरमपानी से हुई, जहाँ से ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों के साथ महिला सभागार तक एक उत्साहपूर्ण पैदल स्वागत रैली निकाली गई। रैली में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा महिला सभागार में आयोजित सभा के दौरान सांसद दिनेश आर्य को फूल-मालाएँ पहनाकर बधाई दी।

सभा को संबोधित करते हुए सांसद दिनेश आर्य ने अपने लंबे राजनीतिक सफर और संगठन में किए संघर्षों को याद किया। उन्होंने शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना और क्षेत्र की जनसमस्याओं का प्राथमिकता से समाधान कराना ही उनका मुख्य ध्येय रहेगा।
कार्यक्रम में नैनीताल विधायक सरिता आर्य समेत कई वरिष्ठ भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया और क्षेत्रीय विकास को गति देने की उम्मीद जताई। इस मौके पर मोहन पाल, प्रकाश आर्य, हेम आर्य, सोवन सिंह, नरेंद्र बिष्ट, मदन मोहन कैड़ा, हिमांशु बिष्ट, दया किशन पोखरिया, यशपाल आर्य, अंबा आर्य, निर्मला देवी, खीम सिंह, दलीप बोहरा सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।






















