,
(*बिना अनुमति अनुपस्थित कार्मिकों पर कार्रवाई के मौके पर ही दिये निर्देश।
**कार्यालयों में समयबद्ध उपस्थिति और साफ-सफाई अनिवार्य। व्यवस्थाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। जिलाधिकारी)

अल्मोड़ा/ पिथोरागढ़, जिलाधिकारी पिथौरागढ़ आशीष भटगांई ने विकास भवन का औचक निरीक्षण कर विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली एवं कार्यालयी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्मिकों की उपस्थिति, कार्यालयों में साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव तथा अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान कतिपय विभागों में बिना स्वीकृति के अनुपस्थित कार्मिकों के विरुद्ध स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्मिक निर्धारित समय पर कार्यालय में उपस्थित रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें। बिना किसी ठोस कारण एवं सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति के अनुपस्थित रहने वाले कार्मिकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि शासकीय कार्यालयों में अनुशासन, समयबद्धता और जवाबदेही से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों को कहा कि कार्यालय आने वाले आगंतुकों से शिष्ट व्यवहार करें और विभिन्न योजनाओं के तहत किए जाने वाले विभागीय कार्यों में विलंब न किया जाए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यालयों में अनावश्यक एवं अनुपयोगी सामग्री एकत्रित न होने दें। लंबे समय से अनुपयोगी पड़ी सामग्री का नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। सभी कार्यालयों में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही आवश्यक फाइलों एवं अभिलेखों को सुव्यवस्थित ढंग से रखा जाए।

उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कार्मिक अनिवार्य रूप से अपना पहचान पत्र धारण करें तथा प्रत्येक कार्मिक की सीट पर नाम पट्टिका लगी हो। साथ ही, प्रत्येक कार्मिक के कार्यों एवं जिम्मेदारियों का स्पष्ट रूप से उल्लेख किया जाए, जिससे कार्यालय आने वाले लोगों को संबंधित पटल एवं कार्मिक की जानकारी आसानी से मिल सके। जिलाधिकारी ने सभी कार्यालयों में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से स्थापित करने तथा उन्हें सदैव क्रियाशील रखने के निर्देश भी दिए।
औचक निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने महत्वपूर्ण पटलों का भी निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad