गरमपानी। भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर गरमपानी डाकघर के पास सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 75 वर्षीया बुजुर्ग महिला की जान चली गई। कपकोट से हल्द्वानी की ओर जा रही एक टैक्सी बोलेरो की चपेट में आने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थीं, जिन्होंने अस्पताल में दम तोड़ दिया।

चौकी प्रभारी सतीश उपाध्याय ने बताया कि हादसा सुबह लगभग 6 बजे घटित हुआ। खैरना निवासी सावित्री देवी (75), पत्नी स्व. पदम सिंह, डाकघर के समीप सड़क किनारे मौजूद थीं। इसी दौरान सुराग (बागेश्वर) निवासी चालक खिलाफ सिंह, पुत्र चामू सिंह, की बोलेरो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

घटना के तुरंत बाद वाहन चालक स्वयं घायल बुजुर्ग महिला को अपने वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गरमपानी लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए नैनीताल भेज दिया है। चौकी प्रभारी के अनुसार फिलहाल घटना के संबंध में कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। परिजनों से तहरीर प्राप्त होने के बाद मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

ADVERTISEMENTS Ad