( 26अक्टूबर से 31अक्टूबर तक चलेगा, विशेष अभियान।)

अल्मोड़ा। सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अल्मोड़ा श्रीमती अनामिका सिंह ने अवगत कराया कि जनपद में दिनांक 26 अक्टूबर से 31 अक्टूबर, 2026 तक “सुरक्षित बचपन अभियान” का आयोजन उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल व अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण/ जिला जज अल्मोड़ा योगेश कुमार गुप्ता मार्गदर्शन में किया जाएगा।

इस अभियान के अंतर्गत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, तालुका विधिक सेवा समितियों, शैक्षणिक संस्थानों, पुलिस प्रशासन एवं अन्य हितधारकों के समन्वय से बाल अधिकारों, बाल संरक्षण, POCSO अधिनियम, 2012, बाल विवाह की रोकथाम तथा ऑनलाइन सुरक्षा, साइबर उत्पीड़न एवं डिजिटल अपराधों के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इस अभियान में प्रभात फेरियां, स्थानीय भाषा में नुक्कड़ नाटक, विद्यालयों में जागरूकता सत्र एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित कर बच्चों को सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श, विश्वसनीय वयस्कों से सहायता प्राप्त करने तथा शोषण के विरुद्ध आवाज उठाने के लिए जागरूक किया जाएगा। शिक्षकों एवं अभिभावकों को भी बाल संरक्षण के प्रति संवेदनशील बनाया जाएगा।अनामिका सिंह ने बताया अभियान के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचकर बच्चों के अधिकारों, उनकी सुरक्षा तथा उपलब्ध कानूनी सहायता के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा चलाये जा रहे इस विशेष अभियान के माध्यम से संदेश है— “सुरक्षित जीवन, न बाल विवाह, न शोषण।” बच्चों का सुरक्षित एवं भयमुक्त बचपन सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad