गरमपानी: नैनीताल जिले के गरमपानी क्षेत्र स्थित ‘फ्रॉग प्वाइंट’ के पास कल रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। एक अज्ञात वाहन ने पैदल चल रहे 35 वर्षीय नेपाली युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान भनी बहादुर (35 वर्ष), पुत्र गोरी राम, निवासी तिलकानी, कंचनपुर (जिला महेंद्र नगर, नेपाल) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, हादसा शनिवार रात को हुआ जब कोई अज्ञात वाहन युवक को टक्कर मार कर फरार हो गया। रात के अंधेरे और सन्नाटे के कारण किसी को हादसे की भनक नहीं लगी। सुबह जब स्थानीय राहगीर वहां से गुजरे, तो उन्होंने लहूलुहान अवस्था में युवक का शव सड़क किनारे पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी ।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस मृतक के साथियों और परिजनों की तलाश कर रही है ताकि शिनाख्त की औपचारिक प्रक्रिया पूरी की जा सके। टक्कर मारने वाले वाहन का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के जरिए फरार वाहन की पहचान करने में जुटी है। इस घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है और सड़क सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई जा रही है।

ADVERTISEMENTS Ad