गरमपानी- बेतालघाट ब्लॉक के राजकीय इंटर कॉलेज खैरना में न्याय पंचायत स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रधान प्रतिनिधि बालम पिनारी, क्षेत्र पंचायत सदस्य कैलाश बुधलाकोटी और सौरभ बधानी ने संयुक्त रूप से किया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जिसमें अंडर-14 बालक वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता में सरस्वती विद्या मंदिर ने प्रथम तथा आयुष्मान पब्लिक स्कूल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वही खो-खो में भी सरस्वती विद्या मंदिर प्रथम और आयुष्मान पब्लिक स्कूल द्वितीय रहा। मुर्गा झपट के 41 से 44 किलोग्राम भार वर्ग में कृष्ण कुमार ने प्रथम और मनीष कुमार ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि 35 से 38 किलोग्राम भार वर्ग में नितिन जलाल प्रथम और भारत जलाल द्वितीय रहे। एथलेटिक्स की 60 मीटर दौड़ में मानस सिंह जलाल प्रथम और प्रियांशु कुमार द्वितीय रहे। 600 मीटर दौड़ में तनुष कुमार ने प्रथम तथा नैतिक मेहरा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं अंडर-14 बालिका वर्ग की खो-खो प्रतियोगिता में पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज धनियाकोट ने प्रथम तथा सरस्वती विद्या मंदिर ने द्वितीय स्थान हासिल किया। मुर्गा झपट में नेहा प्रथम और कोमल द्वितीय रहीं। एथलेटिक्स की 60 मीटर दौड़ में रजनी रावत प्रथम और अंजली जोशी द्वितीय रहीं, जबकि 600 मीटर दौड़ में सुविधा जलाल प्रथम और प्रेरणा द्वितीय रहीं। लंबी कूद में हर्षिता जलाल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। ऊंची कूद में भी हर्षिता जलाल ने प्रथम स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता के समापन पर विभिन्न खेलों में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने विद्यार्थियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करते हुए नियमित रूप से खेल गतिविधियों में प्रतिभाग करने का आह्वान किया।

















