
( जिला महिला कांग्रेस अलमोडा़ के नेतृत्व में पुतला दहन, वहीं बिहार महिला आयोग ने मामले में स्वत: संज्ञान लेते हुए प्रदेश मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखा है , देखें धामी सरकार क्या कदम उठाती हैं?)
विगत दिनों उत्तराखंड राज्य सरकार की काबीना मंत्री सोमेश्वर विधायक रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू के महिला विरोधी बयान पर महिलाओं के तेवर गर्म होते नजर आ रहे हैं। अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति उत्तराखंड प्रदेश उपाध्यक्ष एडवोकेट सुनीता पांडेय ने इस घटनाक्रम में बयान जारी कर कहा है,अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति उत्तराखंड ईकाई, उत्तराखंड राज्य में महिला एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य के पति भाजपा से ताल्लुक रखने वाले गिरधारी लाल साहू के विवादित बयान पर घोर आक्रोश एवं तीव्र निन्दा व्यक्त करती है जिसमें साहू ने कहा कि बिहार की लड़कियां 20, 25 हजार में मिल जाती है, उक्त बयान उसने अपने ससुराल के इलाके सोमेश्वर के दौलाघट में एक प्रचार कार्यक्रम के दौरान दिया।
साहू का ये बयान एक तरफ महिलाओं की अस्मिता को गिराने वाला बेहद आपत्तिजनक है वहीं दूसरी तरफ विकृत मानसिकता को दर्शाता है। सुनीता पांडेय ने कहाधन बल से महिलाओं और जनता के वोट बटोरने वाले साहू की पत्नी के पिछले चुनाव में प्रेशर कुकर बांट कर वोटो को लुभाने की हरकतें बीबीसी की खबरों में भी सुर्खियों में रही है। महिलाओं की कीमत पर पहाड़ी नौजवानों की वोट बटोरने के लिए काबीना मंत्री रेखा आर्य के पति द्वारा ऐसे घिनौने बयानो से उत्तराखंड और बिहार ही नही वरन पूरे समाज को गलत संदेश दिए जाना बेहद शर्मनाक और गैर कानूनी कृत्य है, जिसकी पुरजोर भर्त्सना की जाती है।अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति उत्तराखंड मांग करती है कि भाजपाई गिरधारी लाल साहू के विवादित, मानहानिकारक बयान पर कठोर दंडात्मक कार्यवाही हो, साथ ही रेखा आर्य और उनके पति गिरधारी साहू इस विकृत मानसिकता के बयान के लिए सार्वजनिक तौर पर माफी मांगे । रेखा आर्य नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे।

वहीं दूसरी तरफ जिला महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष राधा बिष्ट के नेतृत्व में चौघानपाटा में पुतला दहन कर रोष व्यक्त किया गया। महिलाओं ने कहाउत्तराखंड सरकार में महिला एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू द्वारा महिलाओं के प्रति जिस प्रकार अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया गया है, उसका महिला कांग्रेस कड़ा विरोध करती है। यह बयान महिलाओं के सम्मान पर सीधा हमला है, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष राधा बिष्ट ने कहा कि यदि राज्य सरकार द्वारा जल्द से जल्द गिरधारी लाल साहू के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो महिला कांग्रेस अपना आंदोलन और अधिक उग्र करेगी।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि महिलाओं का उत्पीड़न और महिलाओं के सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ अब सहन नहीं किया जाएगा। महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन पूरी मजबूती के साथ खड़ा है और जरूरत पड़ी तो सड़क से लेकर हर स्तर तक संघर्ष किया जाएगा।इस विरोध कार्यक्रम में लीला जोशी, प्रीती बिष्ट, मंजू कांडपाल, सपना बिष्ट,विमल जोशी, निर्मला कांडपाल,इंदिरा वर्मा, गीता पांडे किरण आर्य उमा आर्य आसना गुनगुन,जया जोशी,आशा शर्मा, शोभा जोशी, लता तिवारी,पुष्पा पांडे, तारा तिवारी, सहित दर्जनों महिलाओं ने भाग लिया साथ हीनगर अध्यक्ष ताराचंद जोशी, नारायण दत्त पांडे, शरद शाह,पारस नाथ दिनेश नेगी,वैभव पांडे,सुधांशु रौतेला सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने भी भागीदारी की।
बिहार राज्य महिला आयोग ने भी इस घटनाक्रम में संज्ञान लेते हुए प्रदेश मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह से कार्यवाही हेतु मांग की है। अब देखना है मुख्यमंत्री क्या कदम उठाते हैं।

















