हल्द्वानी: स्थानीय पुलिस और अनैतिक मानव व्यापार निरोधक इकाई (AHTU) की टीम ने तिकोनिया क्षेत्र स्थित ‘एमजे द लक्जरी स्पा सेंटर’ में चल रहे कथित देह व्यापार के रैकेट का बड़ा भंडाफोड़ किया है। गुरुवार शाम को हुई इस अचानक छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से छह युवतियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया, जबकि एक महिला सहित चार आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, स्पा सेंटर का मुख्य संचालक पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

​एएचटीयू प्रभारी उपनिरीक्षक सुनीता कुंवर को पिछले काफी समय से इस स्पा सेंटर में अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं। मुखबिर से पुख्ता जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से स्पा सेंटर पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान स्पा के भीतर बने दो अलग-अलग कमरों में युवक और युवतियां बेहद आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए। इसके अलावा अन्य कमरों में चार अन्य युवतियां भी मौजूद थीं।

​पुलिस की पूछताछ में रेस्क्यू की गई युवतियों ने बेहद चौंकाने वाले खुलासे किए। उन्होंने आरोप लगाया कि स्पा संचालक और उसके सहयोगी उन्हें अच्छी नौकरी का झांसा देकर यहाँ लाए थे और बाद में उन्हें डरा-धमकाकर देह व्यापार के दलदल में धकेल दिया गया।

​तलाशी के दौरान पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री, निरोध के कई पैकेट, ग्राहकों के आने-जाने और पैसों के हिसाब-किताब से जुड़े दो महत्वपूर्ण रजिस्टर और 4320 रुपये की नकदी बरामद की है। पुलिस ने इन सभी साक्ष्यों को सील कर अपने कब्जे में ले लिया है।

​मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3, 4, 5 और 6 के तहत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। रेस्क्यू की गई सभी छह महिलाओं को उचित काउंसलिंग के बाद ‘वन स्टॉप सेंटर’ भेज दिया गया है, जहाँ उनकी सुरक्षा और देखभाल की जा रही है। मुख्य आरोपी को भी नामजद कर लिया गया है और पुलिस का दावा है कि उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

ADVERTISEMENTS Ad Ad