हल्द्वानी। उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी अभियान के तहत सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) हल्द्वानी ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए उद्यान विभाग के एक अधिकारी को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपित अधिकारी, ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक बादल पाण्डे, किच्छा स्थित उद्यान सचल दल केन्द्र में तैनात है।
शिकायतकर्ता, जो पिछले 5-6 वर्षों से लकड़ी के ठेकेदारी का कार्य कर रहे हैं, ने टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने ग्राम गऊघाट में निजी आम के 26 पेड़ों को काटने की अनुमति मांगी थी। विभाग द्वारा मौका मुआयना करने के बाद, ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक बादल पाण्डे ने 16 पेड़ों को कटवाने की अनुमति देने के एवज में 12,000/- रुपये की रिश्वत मांगी थी।
शिकायत की पुष्टि होने पर सतर्कता अधिष्ठान हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज किया गया और पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में एक ट्रैप टीम का गठन किया गया। आज, दिनांक 09-04-2026 को टीम ने किच्छा स्थित कार्यालय में छापेमारी कर बादल पाण्डे को शिकायतकर्ता से 12 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपित अधिकारी मूल रूप से शक्ति विहार, तल्ली हल्द्वानी का निवासी है।
सफल कार्रवाई पर सतर्कता निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने ट्रैप टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। उन्होंने जनता से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है, तो तुरंत टोल फ्री नंबर 1064 या व्हाट्सएप नंबर 9456592300 पर सूचना दें। आपकी पहचान गुप्त रखी जाएगी।

















