गरमपानी। अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग इन दिनों यात्रियों और आम जनता के लिए आफत का सबब बन चुका है। इस प्रमुख हाईवे पर रोजाना लग रहे घंटों लंबे जाम ने यातायात व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। अब यह समस्या केवल वीकेंड तक सीमित न रहकर आम दिनों (वर्किंग डेज) में भी सिरदर्द बनी हुई है।

हाईवे पर कैंची धाम के पास लग रहे भारी जाम से किसी तरह निकलकर राहत की सांस ले रहे यात्रियों को आगे बढ़ते ही फिर आफत का सामना करना पड़ रहा है। कैंची धाम पार करने के बाद रामगढ़ पुल से खैरना और गरमपानी तक हाईवे पर दूसरा बड़ा जाम लग जा रहा है। पिछले दो दिनों से दोपहर 2:00 से 2:30 बजे के बाद इस पूरे पैच पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो जा रही है और वाहन घंटों तक रेंगने को मजबूर हैं।

अल्मोड़ा और हल्द्वानी के बीच का यह सफर अब लोगों के लिए बेहद मुश्किल भरा हो गया है। समय पर गंतव्य तक न पहुंच पाने के कारण काठगोदाम और हल्द्वानी से कई यात्रियों की ट्रेनें छूट रही हैं। वहीं, विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने जा रहे छात्र-छात्राएं जाम में फंसकर मानसिक रूप से परेशान हो रहे हैं और उनके परीक्षा केंद्रों तक लेट पहुंचने का जोखिम बना हुआ है।

विधायक का वाहन भी जाम में फंसा

हाईवे पर यातायात प्रबंधन की लाचार स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जाम के झाम से जनप्रतिनिधि भी अछूते नहीं रहे। क्षेत्रीय विधायक का वाहन भी इस भीषण जाम में फंसा नजर आया और काफी देर तक रेंग-रेंगकर आगे बढ़ता रहा।

स्थानीय निवासियों, यात्रियों और व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि खैरना, गरमपानी और कैंची क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर बेतरतीब खड़े वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि हाईवे पर आवाजाही सामान्य हो सके।

ADVERTISEMENTS Ad Ad