रानीखेत के भतरौजखान में आयोजित कांग्रेस की रैली और जनसभा में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए उन्होंने कहा कि जब तक उत्तराखंड और केंद्र में कांग्रेस की सरकार नहीं बन जाती, तब तक हरीश रावत बूढ़ा नहीं होगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर भाजपा के अहंकार के खिलाफ लड़ने का आह्वान किया।

भतरौजखान बाजार में रैली के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए हरदा ने कहा कि कांग्रेस के पूर्वजों ने तिरंगा लेकर अंग्रेजों की सत्ता को चुनौती दी थी और अब एक बार फिर कार्यकर्ताओं को तिरंगा उठाकर तैयार रहना होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार विरोधियों पर मुकदमे दर्ज करा सकती है और जेल भेज सकती है, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता डरने वाले नहीं हैं और जरूरत पड़ने पर जेल में भी पूरे जोश के साथ खड़े मिलेंगे।

अंकिता भंडारी प्रकरण का जिक्र करते हुए हरीश रावत ने कहा कि अंकिता ने उत्तराखंड की अस्मिता के लिए बलिदान दिया और इस मामले में अभी भी कई सवालों के जवाब मिलने बाकी हैं। उन्होंने भाजपा पर समाज में आपसी सौहार्द बिगाड़ने का आरोप लगाया और कहा कि ठोस मुद्दों के अभाव में भाजपा धर्म और अन्य माध्यमों से विवाद पैदा करती है।

उन्होंने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा को जीत का आशीर्वाद देते हुए उत्पीड़न झेलने वाले कार्यकर्ताओं के सम्मान की बात कही और मजाकिया अंदाज में चुटकी भी ली कि करन ने सब कहा, पर उन्हें ‘जीजा’ नहीं कहा। साथ ही ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर तंज कसते हुए कहा कि इसके नाम पर महिलाओं का श्रृंगार तक महंगा हो गया। कार्यक्रम में अरुण रावत, दीपक बिष्ट समेत अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad