हल्द्वानी। उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 को शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं नकलविहीन संपन्न कराने के लिए हल्द्वानी प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। नगर मजिस्ट्रेट पीसी बाजपेयी ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा जारी करते हुए नगर क्षेत्र के सभी 21 परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में सख्त प्रतिबंध लागू कर दिए हैं।
जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, यह प्रारंभिक परीक्षा आगामी 29 नवंबर 2026 (रविवार) को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक और द्वितीय पाली दोपहर 2:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक संपन्न होगी। परीक्षा के दौरान किसी भी संभावित अव्यवस्था, बाहरी हस्तक्षेप या शांति भंग होने की आशंका को रोकने के लिए यह एहतियाती कदम उठाया गया है।
परीक्षा केंद्रों के आसपास इन गतिविधियों पर रहेगी रोक
प्रशासनिक आदेश के मुताबिक, परीक्षा केंद्रों की 100 मीटर की परिधि में बिना पूर्व अनुमति के पांच या उससे अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने और किसी भी प्रकार की सार्वजनिक सभा करने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। साथ ही, कोई भी व्यक्ति लाठी, डंडा, बल्लम या किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र लेकर केंद्र के आसपास प्रवेश नहीं कर सकेगा। इसके अलावा क्षेत्र में लाउडस्पीकर या ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग, परीक्षा से जुड़ी भ्रामक अफवाहें फैलाना और पर्चे बांटना भी पूरी तरह वर्जित रहेगा।
उल्लंघन करने पर होगी दंडात्मक कार्रवाई
बिना अनुमति किसी भी बाहरी व्यक्ति का 100 मीटर के दायरे में प्रवेश निषिद्ध रहेगा, हालांकि परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों को इससे छूट दी गई है। नगर मजिस्ट्रेट ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 के तहत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। यह आदेश तत्काल प्रभाव से परीक्षा समाप्त होने तक प्रभावी रहेगा।




























