गरमपानी: भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर छड़ा के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक कार और स्कूटी के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में स्कूटी पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना उस वक्त हुई जब अल्मोड़ा से हल्द्वानी की ओर जा रही एक स्कूटी को पीछे से आ रही एक कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार दोनों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गरमपानी पहुंचाया गया।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, घायलों की पहचान जलज पंत और शंकर सामंत के रूप में हुई है, जो कि रानीधारा, अल्मोड़ा के निवासी हैं। सीएचसी गरमपानी में तैनात चिकित्सक डॉ. मनोज कांडपाल ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया। डॉ. कांडपाल ने बताया कि जलज पंत की हालत बेहद नाजुक बनी हुई थी, जिसके चलते प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें तुरंत हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं, दूसरे घायल शंकर सामंत का इलाज सीएचसी में ही किया जा रहा है।

















