नैनीताल: उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल नैनीताल में शनिवार को एक बड़ा हादसा सामने आया है, जहां जल संस्थान के एक बेकाबू ट्रक ने दो महिला पर्यटकों को बुरी तरह कुचल दिया। हादसा मल्लीताल स्थित बी.डी. पांडेय अस्पताल के पास मुख्य मार्ग पर हुआ। बताया जा रहा है कि ढलान पर अचानक ट्रक के ब्रेक फेल हो गए, जिससे चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा।
इस दर्दनाक हादसे में दिल्ली के गगन विहार से अपने परिवार के साथ नैनीताल घूमने आईं दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। ट्रक की चपेट में आने से एक महिला की टांग और दूसरी महिला का हाथ बुरी तरह कुचल गया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पीड़ित परिवार की मदद की और घायलों को तुरंत पास के अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को एम्बुलेंस से हल्द्वानी हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।टक्कर इतनी जोरदार थी कि वहां खड़ी कुछ टैक्सियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं। इन दिनों नैनीताल में पर्यटन सीजन चरम पर होने के कारण सड़कों पर भारी भीड़ और ट्रैफिक रहता है। स्थानीय प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

















