कैंची धाम मंदिर क्षेत्र के पास मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित होकर एक दूध पिकअप वाहन करीब 100 से 150 मीटर गहरी खाई में नदी किनारे जा गिरा। सूचना मिलते ही पुलिस चौकी कैंची धाम, SDRF और स्थानीय लोगों की टीम ने त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाकर वाहन में फंसे तीन लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार (06 अक्टूबर 2026) प्रातः लगभग 05:00 बजे एक स्थानीय नागरिक ने चौकी कैंची धाम में सूचना दी कि कैंची धाम के पास सड़क से काफी नीचे नदी के समीप किसी वाहन की लाइटें जल रही हैं।
सूचना मिलते ही कैंची धाम चौकी पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुँची। सर्च अभियान चलाने पर देखा गया कि दूध पिकअप वाहन (संख्या UK04 CC 3465) अनियंत्रित होकर खाई में नदी के किनारे दुर्घटनाग्रस्त पड़ा है। प्राथमिक पड़ताल के अनुसार यह हादसा रात करीब 02:00 बजे घटित हुआ था।
अंधेरे और विषम परिस्थितियों के बीच कैंची धाम पुलिस और मौके पर पहुँची SDRF टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से नदी व खाई में फंसे घायलों को निकालने का कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद तीनों घायलों को रेस्क्यू कर 108 एम्बुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), भवाली भिजवाया गया।
- अंकित सिंह (उम्र 33 वर्ष – वाहन चालक), पुत्र स्वर्गीय सतपाल सिंह, निवासी – बड़ी मंडी, सनी बाजार रोड, हल्द्वानी।
- बॉबी (उम्र 22 वर्ष), पुत्र ओम प्रकाश, निवासी – बड़ी मंडी, सनी बाजार रोड, हल्द्वानी।
- मोहम्मद साकिब (उम्र 11 वर्ष), पुत्र नफीज अहमद, निवासी – बड़ी मंडी, सनी बाजार रोड, हल्द्वानी।
- उ०नि० विजय कुमार (प्रभारी चौकी कैंची धाम)
- अ०उ०नि० विजय कुमार
- कांस्टेबल विनोद यादव
- कांस्टेबल महेश गोस्वामी
स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस टीम और SDRF की त्वरित कार्रवाई और समय पर चलाए गए रेस्क्यू अभियान की सराहना की है।




















