गरमपानी: अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित गरमपानी क्षेत्र के एक रेस्टोरेंट में बीते दिन शराब के नशे में धुत एक टैक्सी चालक और उसके दो साथियों ने जमकर उत्पाद मचाया। नशे की हालत में रेस्टोरेंट पहुंचे इन युवकों ने न केवल अन्य ग्राहकों को परेशान किया, बल्कि दुकानदार के साथ भी अभद्रता की।
समझाने पर की हाथापाई
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टैक्सी संख्या UK01TA3827 का चालक अपने दो अन्य साथियों के साथ रेस्टोरेंट में खाना खाने रुका था। तीनों अत्यधिक नशे में थे और आपस में गाली-गलौज कर रहे थे। जब दुकान स्वामी ने उन्हें शांत रहने और मर्यादित व्यवहार करने की हिदायत दी, तो वे उग्र हो गए। काफी देर तक समझाने के बाद भी जब वे नहीं माने, तो विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई।
नशे में ही वाहन लेकर हुआ रवाना
मामला बढ़ता देख दुकान स्वामी और आसपास के लोगों ने किसी तरह उन्हें समझा-बुझाकर रेस्टोरेंट से बाहर निकाला। हालांकि, गंभीर बात यह रही कि टैक्सी चालक उसी नशे की हालत में अपनी गाड़ी (ऑल्टो) लेकर गंतव्य की ओर रवाना हो गया। नशे में धुत होकर पहाड़ी रास्तों पर वाहन चलाना न केवल उनके लिए बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों के लिए भी बड़े खतरे का सबब बन सकता था।

















