गरमपानी। अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर छड़ा के समीप जंगल से अचानक एक वन्यजीव काकड़ गंभीर रूप से घायल अवस्था में मुख्य सड़क पर आ गिरा। घटना का पता चलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधि बालम सिंहपिनारी ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तुरंत वन विभाग और पशु चिकित्सक को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और डॉक्टर बिना देरी किए मौके पर पहुंचे। डॉक्टरों ने मौके पर ही घायल वन्यजीव का इलाज व प्राथमिक उपचार शुरू किया। हालांकि, गंभीर चोटें लगने और अत्यधिक खून बह जाने के कारण उपचार के दौरान ही वन्यजीव की मौत हो गई। इसके बाद वन विभाग की टीम ने शव को अपने कब्जे में लेकर नियमानुसार आगे की आवश्यक कार्यवाही शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने जनप्रतिनिधि और चिकित्सा टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।