
गरमपानी। उत्तराखंड के नैनीताल जिले में भवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत खैरना चौकी के समीप रामगाढ़ पुल के पास शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। जयपुर से नैनीताल व कैंची धाम घूमने आए चार दोस्तों में से एक 20 वर्षीय युवक की रामगाढ़ नदी में डूबने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और SDRF की टीम ने रेस्क्यू कर युवक को बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, जयपुर (राजस्थान) से गाड़ी संख्या RJ 41 CB 5481 में सवार होकर चार दोस्त नैनीताल घूमने आए थे। शनिवार दोपहर लगभग 3:00 बजे चारों दोस्त रामगाढ़ पुल के पास रुके और नदी में नहाने उतर गए। नहाने के दौरान अचानक एक युवक नदी के गहरे पानी में समा गया और डूबने लगा। साथियों के शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्र हुए और डायल 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही खैरना चौकी पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और त्वरित रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद डूबे हुए युवक को नदी से बाहर निकालकर तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक का विवरण:
- नाम: प्रिन्स बागौरिया (उम्र 20 वर्ष)
- पिता का नाम: श्री मनीष बागौरिया
- पता: नरसिंह नगर, झोटवाड़ा, जयपुर (राजस्थान)
साथियों का विवरण:
- अंश शर्मा (उम्र 18 वर्ष), पुत्र अमित कुमार शर्मा, निवासी – A-37 सत्यनगर, झोटवाड़ा, जयपुर।
- नीतीश चौधरी (उम्र 21 वर्ष), पुत्र राम सिंह, निवासी – A-20 बागेरा बस्ती, झोटवाड़ा, जयपुर।
- करन सिंह शेखावत, पुत्र नरेन्द्र सिंह शेखावत, निवासी – नरसिंह नगर, झोटवाड़ा, जयपुर।
मृतक के दोस्तों ने बताया कि वे सभी 30 जुलाई को जयपुर से नैनीताल और बाबा नीब करौरी महाराज के कैंची धाम दर्शन के लिए निकले थे। कैंची धाम दर्शन के बाद उनकी योजना आगे केदारनाथ धाम यात्रा पर जाने की थी। रास्ते में रामगाढ़ नदी के पास रुकना उनके लिए हादसे का कारण बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही खैरना चौकी प्रभारी सतीश उपाध्याय और भवाली कोतवाल प्रकाश मेहरा टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम नदी में डूबे युवक प्रिंस बगोरिया निवासी राजस्थान जयपुर का शव बाहर निकाला। चौकी प्रभारी सतीश उपाध्याय ने बताया कि नदी में डूबे युवक का शव निकाल लिया गया है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। साथ ही मृतक के साथियों से पूछताछ की जा रही है। ।

















