हल्द्वानी। बरेली रोड स्थित गोरापड़ाव के एक क्रशर में रविवार दोपहर घोर लापरवाही के चलते एक 30 वर्षा हेल्पर की दर्दनाक मौत हो गई। जयपुर वीसा (मोटाहल्दू, लालकुआं) निवासी पवन सिंह (पुत्र मदन सिंह) क्रशर के अंदर डंपर में रेत रिसाव रोकने के लिए कट्टा लगा रहा था, तभी जेसीबी चालक ने बिना देखे ऊपर से रेत डाल दिया, जिससे पवन उसी में दब गया। इसके बाद चालक ने अनजाने में रेत से भरा डंपर हल्द्वानी के चौफुला-कटघरिया मार्ग पर खाली कर दिया। शाम करीब 4:00 PM बजे जब निर्माण कार्य में लगे मजदूरों ने रेत उठानी शुरू की, तो अंदर दबी लाश देखकर हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही मुखानी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया, जिसकी पहचान मृतक की ताई ने अपने भतीजे के रूप में की। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि जेसीबी चालक, ठेकेदार और क्रशर मालिक से गहन पूछताछ की जा रही है और घटना की विस्तृत जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

ADVERTISEMENTS Ad