नशे के खिलाफ अभियान के तहत चेकिंग के दौरान पकड़ा गया गंगोरी सुयालबाड़ी निवासी आरोपी।

गरमपानी:नैनीताल जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खैरना चौकी पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस टीम ने सघन चेकिंग के दौरान 60 पाउच अवैध देसी मसालेदार शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम (Excise Act) के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

​पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्र एवं क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक प्रकाश सिंह मेहरा के नेतृत्व में की गई। क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को एक युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया।

​शक होने पर पुलिस ने युवक को रोककर उसकी तलाशी ली, जिसके कब्जे से 60 पाउच अवैध देसी मसालेदार शराब बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी की पहचान संतोष कुमार (उम्र 31 वर्ष), पुत्र बलिराम, निवासी गंगोरी सुयालबाड़ी के रूप में हुई है।

​बरामदगी के आधार पर आरोपी के विरुद्ध कोतवाली भवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में खैरना चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सतीश उपाध्याय, कांस्टेबल रमेश कुमार और कांस्टेबल राजेंद्र सिंह शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।

ADVERTISEMENTS Ad