नैनीताल की सड़कों पर अपनी उंगलियों की सफाई और अनोखे मैजिक से राहगीरों का दिल जीतने वाले नन्हे कलाकार साहिल की मेहनत अब रंग लाने लगी है। हाल ही में भारत की प्रसिद्ध मेंटलिस्ट सुहानी शाह ने साहिल को मुंबई में आयोजित अपने शो के लिए आमंत्रित किया, जहाँ साहिल ने अपनी शानदार जादू कला का प्रदर्शन कर पूरे हॉल में मौजूद दर्शकों को हैरान कर दिया। इस शो में मशहूर भारतीय रैपर रफ्तार भी बतौर खास मेहमान मौजूद थे और वह भी साहिल के आत्मविश्वास और हुनर से बेहद प्रभावित हुए। शो के दौरान साहिल के मैजिक परफॉर्मेंस के वीडियो अब सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहे हैं।
मूल रूप से राजस्थान के जयपुर के रहने वाले साहिल बीते कुछ समय से उत्तराखंड के रामनगर में अपने परिवार के साथ रह रहे हैं। वह अपने पिता रुक्सान अली के साथ अलग-अलग जगहों पर जाकर मैजिक शो दिखाकर अपना जीवन-यापन करते हैं। कुछ समय पहले सड़कों पर जादू दिखाते उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसने देश के जाने-माने उद्योगपति आनंद महिंद्रा का ध्यान अपनी ओर खींचा। आनंद महिंद्रा ने साहिल की प्रतिभा की सराहना करते हुए उसकी पढ़ाई और आगे बढ़ने में मदद करने की बात कहते हुए एक ट्वीट किया था।
इसके बाद अमर उजाला संवाददाता के साथ साहिल की वीडियो बातचीत को लाखों लोगों ने देखा और खूब सराहा। सोशल मीडिया से मिली इसी नई पहचान के चलते सुहानी शाह ने साहिल को अपने मुंबई शो के बड़े मंच पर आमंत्रित किया, जहाँ साहिल ने अपने अनोखे अंदाज से सभी का दिल जीत लिया।
साहिल की इस सफलता में उनके पिता रुक्सान अली की भी अहम भूमिका रही है। बेटे की बढ़ती लोकप्रियता से पूरे परिवार में बेहद खुशी का माहौल है। भावुक होकर साहिल के पिता ने कहा कि उनके बेटे की रात-दिन की मेहनत रंग लाई है। इस नई पहचान से परिवार का रास्ता आसान होगा और वह साहिल को अच्छी शिक्षा दिलाकर एक बेहतर इंसान और बड़ा कलाकार बनाएँगे।

















