(बड़ी संख्या में लोगों ने उठाया सरकारी योजनाओं का लाभ)

‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ की भावना के साथ जनपद में संचालित सेवा पखवाड़े के अंतर्गत राजकीय पॉलिटेक्निक, ताकुला परिसर में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रतिभाग करते हुए विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों का लाभ प्राप्त किया।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आमजन को केंद्र एवं राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।

साथ ही योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई। विभिन्न विभागीय स्टालों से 445 व्यक्तियों ने योजनाओं की जानकारी प्राप्त की साथ ही कई योजनाओं के अंतर्गत पंजीकरण प्रक्रिया पूर्ण की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री गंगा बिष्ट ने की। उन्होंने कहा ऐसेबहुउद्देशीय शिविर ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रहे हैं, जहां एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं एवं योजनाओं की जानकारी उपलब्ध हो रही है।

शिविर में उपस्थित लोगों की जनसमस्याओं को भी गंभीरता से सुना गया। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सेवा पखवाड़े का उद्देश्य केवल योजनाओं का प्रचार-प्रसार ही नहीं, बल्कि आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान कर शासन-प्रशासन को जनता के और अधिक निकट लाना भी है।

कार्यक्रम के दौरान सूचना एवं लोक संपर्क विभाग द्वारा प्रदेश सरकार की उपलब्धियों, विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्रचार-प्रसार सामग्री का भी वितरण किया गया, जिससे लोगों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त हो सके और अधिक से अधिक पात्र व्यक्ति उनका लाभ उठा सकें।

शिविर में परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण के एन तिवारी, उपजिलाधिकारी संजय कुमार, खंड विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS