नैनीताल: ऐतिहासिक नंदा देवी महोत्सव का बुधवार, 23 सितंबर को मां नंदा-सुनंदा की भव्य शोभायात्रा और डोला विसर्जन के साथ विधिवत समापन होने जा रहा है। इस पावन अवसर पर सरोवर नगरी नैनीताल में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ तथा यातायात के दबाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से 23 सितंबर को नैनीताल नगर क्षेत्र में संचालित सभी सरकारी, अशासकीय, निजी विद्यालयों तथा महाविद्यालयों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।
यातायात नियंत्रण और सुरक्षा के कड़े इंतजाम महोत्सव के अंतिम दिन डोला विसर्जन यात्रा के दौरान शहर के मुख्य मार्गों पर भक्तों का जनसैलाब उमड़ेगा। स्कूली बच्चों को आवागमन में होने वाली असुविधा से बचाने और यातायात प्रबंधन को सुचारु रखने के लिए मुख्य शिक्षा अधिकारी को सभी शैक्षणिक संस्थानों में आदेश का कड़ा अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही पुलिस प्रशासन को भी सुरक्षा बल की तैनाती और रूट डायवर्जन की व्यवस्था चाक-चौबंद रखने को कहा गया है।

















