गरमपानी। प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल खैरना-गरमपानी के आह्वान पर आज क्षेत्र के व्यापारियों ने अपनी-अपनी दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान पूरी तरह बंद रखे। बाजार बंद रहने से दिनभर व्यापारिक गतिविधियां पूरी तरह ठप रहीं और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। व्यापारियों ने स्वतः स्फूर्त अपनी दुकानें बंद रखकर व्यापारिक एकता का एक मजबूत संदेश दिया है।
व्यापार मंडल के नवनिर्वाचित अध्यक्ष नीरज जलाल ने इस अभूतपूर्व सहयोग के लिए सभी छोटे-बड़े व्यापारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि व्यापार मंडल द्वारा संगठन को मजबूती देने और आंतरिक तालमेल बढ़ाने के लिए महीने में एक दिन सामूहिक रूप से बाजार बंद रखने का निर्णय लिया गया था, जिसे स्थानीय व्यापारियों ने अपना शत-प्रतिशत समर्थन दिया है।
अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि सभी व्यापारियों की आपसी सहमति और रायशुमारी के बाद अब यह तय किया गया है कि प्रत्येक माह के अंतिम दिन बाजार पूरी तरह बंद रखा जाएगा। इस साप्ताहिक या मासिक बंदी के दिन सभी व्यापारी एक मंच पर एकत्रित होंगे। इस दौरान न केवल व्यापारिक हितों और समस्याओं पर चर्चा की जाएगी, बल्कि क्षेत्र के विभिन्न सामाजिक सरोकारों, जनहित के मुद्दों और बाजार की स्वच्छता व विकास से जुड़े कार्यों में भी सभी व्यापारी सामूहिक रूप से अपनी सहभागिता सुनिश्चित करेंगे। व्यापार मंडल ने भविष्य में भी इसी तरह की एकजुटता बनाए रखने की अपील की है।

ADVERTISEMENTS Ad