गरमपानी- बेतालघाट ब्लॉक के सीम गांव स्थित प्राचीन श्री घटेश्वर महादेव मंदिर में सावन माह के पहले सोमवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से हो रही लगातार बारिश भी भगवान भोलेनाथ के भक्तों की आस्था को डिगा नहीं सकी। भारी वर्षा के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालु, विशेषकर महिलाएं, मंदिर पहुंचीं और विधि-विधान के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।


मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं ने बेलपत्र, धतूरा, पुष्प, अक्षत और जल अर्पित कर भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया। बारिश के बावजूद दर्शन के लिए मंदिर में लंबी कतारें लगी रहीं। इस अवसर पर सीम गांव सहित आसपास के आधा दर्जन से अधिक गांवों की महिलाओं ने मंदिर पहुंचकर सामूहिक रूप से जलाभिषेक किया। पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। स्थानीय लोगों के अनुसार सावन माह में प्रत्येक सोमवार को यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, लेकिन पहले सोमवार को विशेष धार्मिक महत्व होने के कारण श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रही।

ADVERTISEMENTS Ad