उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के रुड़की में तेज रफ्तार हरियाणा रोडवेज की बस ने गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक बीच सड़क पर पलट गया और उसमें लदे 288 से ज्यादा इंडेन गैस के सिलेंडर सड़क पर फैल गए।

हादसे के बाद राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों की मदद शुरू की। रुड़की पुलिस के मुताबिक यह हादसा मंगलौर-भगवानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पनियाला गांव के पास हुआ। हादसे में बस में सवार 50 से 55 यात्रियों में से 6 लोग घायल हो गए।वहीं ट्रक चालक को भी चोटें आई हैं। घायलों को तुरंत 108 एंबुलेंस की मदद से रुड़की के सिविल अस्पताल और आसपास के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हरियाणा रोडवेज की बस तेज रफ्तार में थी। इसी दौरान बस अचानक ट्रक के सामने आ गई और दोनों के बीच सीधी टक्कर हो गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को बस से बाहर निकालकर मदद की।

ADVERTISEMENTS Ad