हल्द्वानी। बरेली रोड स्थित गोरापड़ाव, तीनपानी, हल्दुचौड़ और लालकुआं क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं नैनीताल-उधम सिंह नगर संसदीय क्षेत्र के सांसद अजय भट्ट ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को पत्र भेजा है। उन्होंने परियोजना निदेशक से इस अत्यंत व्यस्त मार्ग पर तत्काल आवश्यक तकनीकी सुधार और सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की है।

​सांसद अजय भट्ट ने अपने पत्र में चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह मार्ग स्थानीय नागरिकों, स्कूली बच्चों और भारी वाहनों की चौबीसों घंटे आवाजाही के कारण बेहद संवेदनशील और व्यस्त रहता है। पर्याप्त यातायात सुरक्षा व्यवस्था न होने के कारण यहाँ आए दिन हादसे हो रहे हैं, जिससे स्थानीय जनता में भय और असुरक्षा का माहौल है। क्षेत्र के लोगों द्वारा भी उन्हें लगातार इस संबंध में शिकायतें मिल रही थीं।

इन सुरक्षा इंतजामों को तत्काल लागू करने की मांग:

  • गति नियंत्रण: संवेदनशील मोड़ों और आबादी वाले क्षेत्रों में स्पीड ब्रेकर और रंबल स्ट्रिप बनाना।
  • दृश्यता और संकेत: पर्याप्त संख्या में संकेतक (साइन बोर्ड), चेतावनी बोर्ड और जेब्रा क्रॉसिंग की मार्किंग।
  • इंफ्रास्ट्रक्चर: रात के अंधेरे से निपटने के लिए हाई मास्ट लाइटें और वाहनों को अनियंत्रित होने से रोकने के लिए मजबूत डिवाइडर।
  • यातायात प्रबंधन: व्यस्त समय के दौरान प्रभावी ट्रैफिक नियंत्रण व्यवस्था।

​सांसद ने NHAI के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे जनहित और जनसुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जल्द से जल्द इस पूरे पैच का स्थलीय निरीक्षण करें। उन्होंने अधिकारियों से सड़क पर आवश्यक तकनीकी बदलाव सुनिश्चित करने और इस संबंध में की गई त्वरित कार्रवाई से उन्हें भी अवगत कराने को कहा है ताकि आमजन को सुरक्षित आवाजाही की गारंटी मिल सके।

ADVERTISEMENTS Ad