पिथौरागढ़। जनपद के मटेला बैंड के पास रविवार शाम एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। गंगोलीहाट में एक विवाह समारोह में शामिल होकर लौट रहे दंपती की कार अनियंत्रित होकर करीब 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में कार सवार पति-पत्नी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, हादसा रविवार शाम करीब 6:00 बजे मटेला बैंड से लगभग एक किलोमीटर आगे ‘शहीद द्वार’ के समीप हुआ। कार (संख्या UK 06 AZ 8788) अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में लुढ़क गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर तुरंत 108 एंबुलेंस और घाट चौकी पुलिस मौके पर पहुँची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ (SDRF) और आपदा प्रबंधन टीम को भी बुलाया गया।
घाट चौकी प्रभारी जितेंद्र सोराड़ी ने बताया कि खाई अत्यधिक गहरी होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। एसडीआरएफ की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को खाई से बाहर निकाला। मृतकों की पहचान योगेश कुमार (38 वर्ष) और उनकी पत्नी निधि आर्या (34 वर्ष) के रूप में हुई है। योगेश कुमार पिथौरागढ़ के बजेटी क्षेत्र के निवासी थे।
मृतक योगेश कुमार लोक निर्माण विभाग (PWD) टकाना, पिथौरागढ़ में ‘बड़े बाबू’ (प्रधान सहायक) के पद पर कार्यरत थे, जबकि उनकी पत्नी निधि रानीखेत में सरकारी सेवा में थीं। बताया जा रहा है कि दंपती गंगोलीहाट में अपने रिश्तेदार की बरात में गए थे। बरात के लोहाघाट पहुँचने के बाद वे वापस अपने घर पिथौरागढ़ लौट रहे थे, तभी घर पहुँचने से पहले ही यह हादसा हो गया। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार और विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है

















